पांच महीने से टूटी सड़क बनी परेशानी का सबब, गन्ना किसानों को भी हो रही भारी दिक्कत
योगापट्टी प्रखंड की ग्राम पंचायत राज चौमुखा के छोटा चौमुखा वार्ड संख्या 11 में कैलाश यादव के घर के समीप करीब 15 फीट सड़क पिछले पांच महीनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार समस्या उठाने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी गन्ना किसानों को उठानी पड़ रही है। गन्ना लदी बैलगाड़ियों को इस रास्ते से ले जाने में काफी कठिनाई होती है। खेतों से गन्ना निकालकर चीनी मिल तक पहुंचाने में किसानों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले सड़क का एक हिस्सा टूट गया था। इसके बाद से अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। सड़क टूटने के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर गन्ना ढुलाई के मौसम में किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों प्रभु यादव, छेदी राम, हरिन्द्र यादव, रघु यादव, बच्चा यादव और क्रांति देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।