🔥 TRENDING लखनऊ में 'सबका दल यूनाइटेड' द्वारा 4 अ... અનંત અંબાણી વેદાંશ સિંહના ₹9 કરોડના SM... बहराइच में नवरात्रि पर्व की सुरक्षा के... AAP Suspends MLA Sukhvir Singh Over An... Punjab to recruit 10,000 police office... Postmaster in Nagaon, Assam Dies After...
03 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र से जीआरपी पाइप कचरा हटाने के कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 03 Oct 2026, 08:28 PM 👁 10
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने माधव टाइगर रिजर्व की सीमा में पड़े पुराने जीआरपी पाइप और अन्य अपशिष्ट को हटाने के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थल का औचक निरीक्षण कर त्वरित गति से कचरा उठाने और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।

शिवपुरी जिले के माधव टाइगर रिजर्व एवं आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में पड़े पुराने जीआरपी पाइप और अन्य अपशिष्ट को हटाने के संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्टर वर्मा ने वन परिक्षेत्र मध्य माधव टाइगर के कोर एरिया स्थित ग्राम चांड कैंपस एवं वन रक्षक आवास बीट रायपुर पहुंचकर वहां पड़े जीआरपी पाइप कचरे के विनिष्टीकरण एवं उठवाने की कार्यवाही का निरीक्षण किया। उन्होंने शिवपुरी नगरपालिका सीएमओ को तत्काल कचरा उठवाने और उसके उचित निस्तारण के लिए निर्देश जारी किए हैं।

स्थल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगर पालिका शिवपुरी और वन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कचरा उठाने का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त मशीनरी, जेसीबी और डंपर लगाकर इस पूरे कचरे को जल्द से जल्द हटाया जाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने नरवर रोड और सड़कों के किनारे पड़े जीआरपी पाइप और अपशिष्ट सामग्री को भी प्राथमिकता के आधार पर जेसीबी से उठवाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी शिवपुरी यशवंत राठौर को दिए। आवश्यकता पड़ने पर एनएचएआई से भी वाहन लेकर कार्य में तेजी लाने की बात कही गई।

उल्लेखनीय है कि सिंध जलावर्धन योजना के तहत मड़ीखेड़ा बांध से शिवपुरी नगरपालिका क्षेत्र के बीच बिछाई गई जीआरपी पाइप लाइन में लीकेज की समस्या आने के बाद नपा द्वारा डीआई पाइप लाइन बिछवाई गई थी। परंतु पुरानी जीआरपी पाइप लाइन का कचरा टाइगर रिजर्व सीमा, सड़कों के किनारे और कृषि क्षेत्रों में खुला पड़ा होने से यह पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए खतरे का सबब बन गया है। कलेक्टर वर्मा के निर्देशों के तहत यह स्वच्छता एवं अपशिष्ट निस्तारण अभियान जिला प्रशासन, नगर पालिका शिवपुरी और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है।

अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि संरक्षित वन क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों पर पड़ा संपूर्ण जीआरपी पाइप कचरा और संबंधित सामग्री एकत्र कर बड़ौदी स्थित अधिकृत डंपिंग स्थल पर सुरक्षित रूप से निस्तारण किया जाए। कलेक्टर वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और एनजीटी के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और संपूर्ण कचरा निस्तारण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान ग्राम चांड कैंपस में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर माधव नेशनल पार्क हरिओम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, एसडीएम शिवपुरी आनंद राजावत, सीएमओ यशवंत राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
📲Get App