Crime
मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण में महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक
एंटी रोमियो टीम व महिला बीट अधिकारियों ने हेल्पलाइन नंबरों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
उरई, जालौन। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद जालौन में एंटी रोमियो टीम एवं महिला बीट अधिकारियों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया पर सावधानी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर अपराध की घटनाओं से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण साझा न करने की सलाह दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित महिला हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है तथा किसी भी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।