🔥 TRENDING Indian Para-Swimmer Kapil Kumar Wins S... Kerala Launches Novel Calendar to Prev... ୧୨ ଲକ୍ଷରୁ ଊର୍ଦ୍ଧ୍ୱ ସରକାରୀ ଟଙ୍କା ହରିଲୁଟ... Bhuvneshwar Kumar Says No Expectations... Pratika Rawal: Confidence Key to Centu... Indian Designer Rahul Agrawal Secures...
24 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित 89

✍️ Reporter: राजभान कुशवाहा 🗓 24 Oct 2026, 02:08 PM 👁 17
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित 89 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों की कुल लागत 379 करोड़ 45 लाख रुपये है। इन निर्माण कार्यों में सड़क एवं पुल निर्माण, शासकीय विद्यालयों के भवन, छात्रावास, महाविद्यालयीन भवन, पुलिस विभाग के कार्यालय एवं आवास, विद्युत उपकेंद्र तथा खेल सुविधाओं का विकास शामिल है। इन कार्यों से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक एवं अन्य अधोसंरचनाओं को मजबूती मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के 36 कार्य शामिल

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कुल 36 कार्य शामिल हैं। इनमें विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले पहुंच मार्गों का निर्माण, सड़कों का मजबूतीकरण तथा नदियों पर पुल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। प्रमुख कार्यों में साखी पुरनिहा टोला मार्ग, साखी से छत्तीसगढ़ पहुंच मार्ग, ओढ़की पहुंच मार्ग, भानपुर-खटोलिया-हर्दी-समातपुर मार्ग, बिरौंदी से मझुआ मार्ग, जैतपुर तहसील पहुंच मार्ग तथा अन्य ग्रामीण सड़कों का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा टेंघा-छीनमार मार्ग में गौरीहारी नदी पर पुल एवं पहुंच मार्ग तथा नरवार-गोड़ारू मार्ग में सोन नदी के चकराघाट पर पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।

जनजातीय कार्य विभाग के 38 निर्माण कार्य

जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 38 निर्माण कार्य शामिल हैं। इनमें सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू और बुढ़ार विकासखंड के विभिन्न शासकीय हाई स्कूलों के भवन निर्माण के साथ छात्रावास एवं आश्रमशाला भवनों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अन्य विभागों के निर्माण कार्य भी शामिल

मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर गोहपारू तथा शासकीय पीजी कॉलेज बुढ़ार में नवीनीकरण, उन्नयन एवं नवीन निर्माण कार्य शामिल हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय शहडोल, बुढ़ार क्षेत्र के थाना भवनों, ब्यौहारी थाना परिसर में आरक्षक आवासगृह तथा अन्य पुलिस भवनों से संबंधित निर्माण कार्य शामिल हैं।

जिले के विकास को मिलेगी गति

इन निर्माण कार्यों से सड़क संपर्क, शिक्षा, छात्रावास सुविधाओं, पुलिस अधोसंरचना, विद्युत व्यवस्था और खेल सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किए जाने से जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को भविष्य में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
📲Get App