🔥 TRENDING कटनी में चोरों का तांडव! कृष्णा ज्वेलर... Goa Crocodile Spotted Appearing Thirst... Four Arrested for Smuggling Rs 14.35 L... Coachella 2027 Lineup: Dua Lipa and Ma... Suspected IED Blast on Kohima Highway;... जंगीपुर में जयसवाल परिवार ने शिव मंदिर...
12 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने नरसिंहपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय विद्यालय का किया निरीक्षण

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 31 Oct 2026, 08:14 AM 👁 59
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मुख्य सचिव ने राजमार्ग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और देवरी के शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के नियमित फॉलोअप और स्वामित्व योजना के कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया।

मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल एवं प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन विभाग श्री एम. सेल्वेन्द्रन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नरसिंहपुर जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजमार्ग एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय देवरी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, स्वामित्व योजना के तहत किए जा रहे कार्यों, राशन वितरण व्यवस्था तथा शासकीय विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया।

मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सीएमएचओ डॉ मनीष मिश्रा से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की पदस्थापना एवं स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अनमोल एप पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की ऑनलाइन एंट्री की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जानकारियां समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के नियमित फॉलोअप पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की समय पर पहचान और उपचार से जच्चा-बच्चा दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं से बीएमओ स्वयं संपर्क कर आवश्यक परामर्श दें। साथ ही फॉलोअप में लापरवाही अथवा देरी होने पर संबंधित एएनएम की जवाबदेही तय की जाए।

ग्राम पंचायत देवरी में स्वामित्व योजना के तहत किए जा रहे रजिस्ट्री संबंधी कार्यों का अवलोकन करते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों से आज की गई रजिस्ट्रियों की संख्या एवं योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें अपनी संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक प्राप्त होता है और रजिस्ट्री के दस्तावेजों को सुरक्षित रखना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से राशन वितरण व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली, जिसमें राशन दुकान की नियमितता और पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन मिलने की स्थिति पर चर्चा की गई।

शासकीय माध्यमिक शाला देवरी के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कक्षा चौथी के विद्यार्थियों से संवाद किया और पाठ्यपुस्तक के अध्याय पढ़वाकर उनके अध्ययन एवं विषयवस्तु की समझ का स्तर जाना। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को हॉस्टल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर शासकीय शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई गई है, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप दो विद्यार्थियों का जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में चयन हुआ है। इसके अलावा 12 विद्यार्थियों ने जेईई तथा 14 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा क्वालीफाई की है। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त जबलपुर श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
📲Get App