सरकारी योजना
लखनऊ मंडल के 50 हजार युवाओं को आज मिलेंगे टैबलेट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे वितरण; डिजिटल शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार
यहाँ देखें:
📘 Facebook
योगी सरकार का युवाओं को डिजिटल तोहफा, चार जिलों के 50 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट; शिक्षा और तकनीकी कौशल को मिलेगा बढ़ावा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योगी सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत लखनऊ मंडल के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इस अभियान का शुभारंभ 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जनपदों के लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित कर उन्हें डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। 2026-27 के लिए 25 लाख टैबलेट की तैयारी प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 25 लाख टैबलेट की आपूर्ति जिलों में शुरू करा दी है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई को अधिक सरल, आधुनिक और प्रभावी बनाना है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। पहले 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन बांट चुकी है सरकार योगी सरकार इससे पहले भी युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चला चुकी है। योजना के तहत अब तक करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं। अब नए चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण की तैयारी प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। सरकार की इस पहल से न केवल उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि डिजिटल शिक्षा के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी मजबूत होंगे।