🔥 ट्रेंडिंग હિંમતનગર-અમદાવાદ હાઇવે પર ખાનગી બસમાં... મુખ્યમંત્રી ભૂપેન્દ્ર પટેલે સ્વચ્છ અને... ਅੱਜ ਜਲੰਧਰ ਵਿੱਚ ਤਾਪਮਾਨ 16 ਡਿਗਰੀ ગાંધીનગરમાં શ્રમ અને રોજગાર મંત્રીઓની... कांग्रेस ने सोमवार से टिकट आवेदन शुरू... नसिम दुर्दानी पर 16 वर्ष में 26 मामले,...
22 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

खदान के मुनाफे पर भारी ग्रामीणों का अस्तित्वः 50 साल

✍️ रिपोर्टर: Manjur Mansoori Saif Khan 🗓 22 नव. 2026, 08:51 AM 👁 27
यहाँ देखें: 📘 Facebook
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
खदान के मुनाफे पर भारी ग्रामीणों का अस्तित्वः 50 साल पुराना तालाब पाटने पर फूटा गुस्सा, तीन दिन से मेड़ पर डेरा

घुनघुटी क्षेत्र के गिठौरी गांव में बजरंग पावर की खदान सड़क के लिए एकमात्र जलस्रोत को पाटने का आरोप

शहडोल युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम और सूफियान खान ने खोला मोर्चा, जंगल कटाई पर भी उठाए सवाल

घुनघुटी कोयले के काले कारोबार की चमक के बीच ग्रामीणों के जीवन का आधार माने जाने वाले पारंपरिक जलस्त्रोत और हरे-भरे जंगल भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं। शहडोल जिले की सीमा से सटे घुनघुटी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिठौरी में संचालित बजरंग पावर की कोयला खदान तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण को लेकर विवाद अब आर-पार की लड़ाई में तब्दील हो गया है। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने सड़क बनाने की आड़ में गांव के करीब 50 साल पुराने पारंपरिक निस्तारी तालाब में बेधड़क मिट्टी डालकर उसका एक बड़ा हिस्सा पाट दिया है। करीब 250 की आबादी वाले इस गांव के महिला, पुरुष और युवा अपने एकमात्र जलस्रोत को बचाने के लिए पिछले तीन दिनों से तालाब की मेड़ पर ही तंबू गाड़कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यह तालाब केवल पानी का गड्डा नहीं, बल्कि उनकी पीढ़यों की प्यास बुझाने और मवेशियों के जीवन का एकमात्र सहारा है, जिसे किसी भी कीमत पर मिटने नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कंपनी की कार्यप्रणाली के साथ-साथ जिम्मेदार प्रशासनिक तंत्र की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मौके पर मौजूद शहडोल युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम और ग्रामीण सूफियान खान ने दो-टूक आरोप लगाया है कि कंपनी न केवल तालाब का अस्तित्व समाप्त कर रही है, बल्कि गांव की चारागाह भूमि पर भी अवैध रूप से कब्जा जमाने की कोशिश कर रही है। अनुपम गौतम ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि खदान संचालन

के नाम पर आसपास के जंगलों के बेशकीमती पेड़ों की भी अंधाधुंध कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। तालाब के ठीक बगल में ग्रामीणों की उपजाऊ कृषि भूमि है; ऐसे में तालाब के स्वरूप से छेड़छाड़ होने पर आने वाले समय में सिंचाई और निस्तार के लिए भीषण जलसंकट खड़ा होना तय है। इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए अब शहडोल नगर से भी दर्जनों लोग लगातार गिठौरी पहुंच रहे हैं, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। विवाद गहराने और कंपनी कर्मचारियों व ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनने के बाद ग्रामीणों ने घुनघुटी पुलिस चौकी पहुंचकर तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की। घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में कंपनी के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच सामंजस्य बैठाने के लिए बैठक भी कराई, किंतु कंपनी की हठधर्मिता के आगे समाधान नहीं निकल सका। कंपनी के कर्मचारियों का तर्क है कि उन्हें खदान संचालन के लिए शासन से विधिवत अनुमति प्राप्त है, जिस पर ग्रामीणों ने तीखा पलटवार करते हुए सवाल दागा है कि क्या शासकीय अनुमति का अर्थ किसी गांव के एकमात्र जीवनदायी तालाब और चारागाह को उजाड़ना होता है? अब पूरे क्षेत्र की निगाहें जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, खनिज विभाग और वन विभाग के जिम्मेदारों पर टिकी हैं कि वे शासन की मंशा के अनुरूप गरीब ग्रामीणों के जलस्रोत और पर्यावरण की रक्षा करते हैं या फिर रसूखदार कंपनी के आगे मौन साधे रहते हैं।
📲Get App