कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक सवार सड़क पर गिरा, पैर में फ्रैक्चर की आशंका
योगापट्टी। योगापट्टी से विश्रामपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर सोमवार को एक बाइक सवार सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। बताया जाता है कि अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। घायल की पहचान त्रिवेणी चौक निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। वह प्रमोद साह के पुत्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार बाइक से योगापट्टी से विश्रामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के क्रम में बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र योगापट्टी पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शाहिल इकबाल ने उनका प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पैर में फ्रैक्चर की आशंका होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेतिया स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें जल्द बेहतर उपचार कराने की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर अचानक पशुओं के आ जाने से अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और पशुपालकों से अपने पशुओं को सड़क पर खुला नहीं छोड़ने की अपील की।