🔥 TRENDING Chicago to Host First National 'Soul T... North Central Railway flags staff reel... Yash Reveals Why 'Kirataka 2' Was Shel... X-Files Creator Chris Carter Returns w... Manipur University Lab Unveils Potenti... Manipur Agriculture Dept releases 2026...
27 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, संसाधनों पर पूरा हक है: विधायक कल्पना सोरेन ने सदन में एमएमडीआर संशोधन पर उठाए सवाल

✍️ Reporter: Akash Bharti 🗓 27 Nov 2026, 02:44 AM 👁 21
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

विधानसभा के विशेष सत्र में विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड को अपने खनिज संसाधनों पर उचित अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने अनुमानित खनिज राजस्व में भारी गिरावट और खनन प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास के मुद्दे पर भी चर्चा की।

झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, अपने संसाधनों पर मिले पूरा हक: सदन में एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 पर गरजीं विधायक कल्पना सोरेन
* 10 वर्षों में संभावित खनिज राजस्व 2.56 लाख करोड़ से घटकर करीब 1 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान; भारी आर्थिक नुकसान की जताई आशंका।
* धनबाद, बोकारो, हजारीबाग समेत खनन प्रभावित इलाकों में पुनर्वास, मुआवजा और रोजगार का उठाया मुद्दा; सभी दलों से राज्य के हित में एकजुट होने की अपील।
राँची / हजारीबाग
खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में जोरदार बहस हुई। इस दौरान गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 पर तीखे सवाल उठाते हुए झारखंड के हक और अधिकारों की बात मजबूती से रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से केवल खनिज संपदा निकालकर दूसरे राज्यों के विकास में इस्तेमाल किया जाए। झारखंड देश की प्रगति में बराबर का साझेदार है और उसे अपने संसाधनों पर उचित अधिकार मिलना चाहिए।
खनिज राजस्व में बड़े नुकसान की आशंका
कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड की धरती से कोयला, लौह अयस्क और अन्य खनिज निकलते हैं, जिनका उपयोग देश के औद्योगिक विकास में होता है, जबकि खनन का सबसे बड़ा सामाजिक और पर्यावरणीय बोझ स्थानीय लोगों को उठाना पड़ता है। भूमि अधिग्रहण, वनों की कटाई, विस्थापन, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को करना पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से होने वाली आय में राज्य की हिस्सेदारी और अधिकारों को सीमित करना उचित नहीं है।
सदन में खनिज राजस्व के आंकड़े रखते हुए उन्होंने दावा किया कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 से आने वाले वर्षों में झारखंड को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। उनके अनुसार, राज्य के आकलन के मुताबिक अगले 10 वर्षों में खनिज संपदा से लगभग 2.56 लाख करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था, लेकिन संशोधित व्यवस्था लागू होने के बाद यह राशि घटकर करीब एक लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और रोजगार पर सवाल
अपने भाषण में कल्पना सोरेन ने खनन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और रोजगार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जिन इलाकों में खनन होता है, वहां रहने वाले लोगों को इसके बदले कितना लाभ मिला है, कितने परिवारों को उचित मुआवजा मिला, कितने लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया और विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की क्या स्थिति है।
उन्होंने धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, साहिबगंज, पाकुड़ और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि खनन गतिविधियों का प्रभाव स्थानीय समाज और पर्यावरण पर पड़ता है, इसलिए खनिज संपदा से होने वाली आय का लाभ उन क्षेत्रों के लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, जो इसकी कीमत अपनी जमीन और जीवन से चुकाते हैं। साथ ही उन्होंने कोयला कंपनियों के पास मौजूद जमीन तथा उससे प्रभावित परिवारों के अधिकारों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लेख और आंदोलनकारियों को नमन
कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ के फैसले का भी उल्लेख किया, जिसमें खनिज युक्त भूमि पर राज्यों के कराधान अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण स्थिति स्पष्ट की गई थी, जिसके आधार पर झारखंड ने भी खनिज वहन भूमि से जुड़े पहलुओं पर कदम बढ़ाया।
इसके साथ ही उन्होंने झारखंड राज्य के गठन के पीछे हुए लंबे संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि झारखंड किसी को भीख में नहीं मिला है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी और ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव सहित वीर शहीदों तथा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में चले झारखंड आंदोलन का स्मरण किया।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता की अपील
अंत में कल्पना सोरेन ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों से राज्य के हितों के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा और वित्तीय अधिकारों का सवाल दलगत राजनीति से ऊपर है और सभी दलों को मिलकर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड देश के विकास का विरोधी नहीं है, बल्कि चाहता है कि राष्ट्रीय विकास में उसके योगदान को सम्मान मिले और यहां के लोगों को भी संसाधनों से होने वाली समृद्धि का उचित हिस्सा प्राप्त हो।

:- आकाश भारती, Need24 News
सच्चाई की खबर, आपके इलाके की खबर
📲Get App