🔥 ट्रेंडिंग પ્રાંતિજ હાઇવે પર નંબર પ્લેટ વગરની કાર... तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण पाँच द... ज़ुबीन गर्ग के फैन क्लब ने 30 अक्टूबर... रांची में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का... ભાડુઆતની ઓળખ ન આપતા સરકારની કડક ચેતવણી झारखंड में बंगाल की सफलता दोहराने का ल...
25 अक्टू. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

जैसलमेर से लंबी दूरी की रेल सेवाएं शुरू करने सहित यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग रेल

✍️ रिपोर्टर: Rajendra Kumar sen 🗓 25 अक्टू. 2026, 09:25 AM 👁 48
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
जैसलमेर से लंबी दूरी की रेल सेवाएं शुरू करने सहित यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग
रेल मंत्रालय के जनसंवाद कार्यक्रम में गोल्डन सिटी टूरिज्म कॉन्फेडरेशन, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एवं भाजपा पार्षद की ओर से सौंपा ज्ञापन
जैसलमेर। भारत सरकार के रेल मंत्रालय की ओर से आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के अवसर पर जैसलमेर में रेल सुविधाओं के विस्तार, लंबी दूरी की रेल सेवाएं शुरू करने तथा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। गोल्डन सिटी टूरिज्म कॉन्फेडरेशन डेवलपमेंट सोसाइटी जैसलमेर, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत जैसलमेर एवं भाजपा पार्षद दिव्या ऋषि तेजवानी की ओर से रेल मंत्रालय के समक्ष विभिन्न मांगें रखी गईं।
ज्ञापन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जैसलमेर की पर्यटन नगरी के महत्व तथा स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं सैनिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं का विस्तार करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
जैसलमेर से लंबी दूरी की रेल सेवाएं शुरू करना: जैसलमेर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध करवाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों, पर्यटकों एवं सैनिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
ट्रेनों का विस्तार: ज्ञापन में ट्रेन संख्या 12466/65 जोधपुर–इंदौर रणथंभौर सुपरफास्ट तथा ट्रेन संख्या 20483/84 भगत की कोठी–दादर रेल सेवा का जैसलमेर तक विस्तार करने के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की गई।
प्रीपेड ऑटो व्यवस्था: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को उचित एवं पारदर्शी किराये पर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रीपेड ऑटो व्यवस्था शुरू की जाए।
यात्रियों के सामान के लिए अलग स्थान: ट्रेनों में यात्रियों के भारी सामान को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए अलग से उचित स्थान की व्यवस्था की जाए।
स्टेशन के आसपास श्रमिकों की व्यवस्थित व्यवस्था: रेलवे स्टेशन के निकट अनियंत्रित रूप से एकत्रित होने वाले श्रमिकों के लिए स्टेशन से अन्यत्र निर्धारित स्थान पर व्यवस्था की जाए तथा उनका पुलिस सत्यापन करवाया जाए।
पर्यटन एवं स्थानीय नागरिकों को मिलेगा लाभ
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के नगर अध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन के आसपास श्रमिकों का अनियंत्रित जमावड़ा यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बनता है। उन्होंने श्रमिकों के लिए व्यवस्थित स्थान निर्धारित करने और पुलिस सत्यापन की व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता जताई।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए राजस्थान सहित गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके अतिरिक्त सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण जैसलमेर में सैनिकों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए सुगम रेल संपर्क भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ज्ञापन में उम्मीद जताई गई कि प्रस्तावित रेल सेवाओं के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं में सुधार से जैसलमेर का देश के प्रमुख शहरों से संपर्क मजबूत होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और सैनिकों को लाभ पहुंचेगा।
इस अवसर पर ऋषि तेजवानी, महेश शर्मा, राजेंद्र अवस्थी एवं अनिल कुमार व्यास उपस्थित रहे।
📲Get App