Local
जिलाधिकारी और एसपी ने किया थाना आटा का आकस्मिक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के दिए निर्देश
जालौन (आटा)। जिलाधिकारी जालौन समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से थाना आटा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिस व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र तथा महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर (एचएस) इंडेक्स और आगंतुक रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने थानाध्यक्ष आटा को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों एवं विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा थाने के सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण का उद्देश्य थाने की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना तथा आमजन को समय पर न्याय और पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।