🔥 TRENDING Activist Group’s Report Questions Indi... IPL 2027 Mini-Auction Scheduled in Goa... Dr SC Jamir urges Nagaland youth to un... Match report શિહોરીમાં શ્રી શક્તિ માય મંડલ ગ્રુપ દ્... मानसून report
18 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर, कहा - स्थलीय सत्यापन और फीडबैक अनिवार्य
Local

जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर, कहा - स्थलीय सत्यापन और फीडबैक अनिवार्य

✍️ Reporter: शैलेष गुप्ता महाजन 🗓 17 Oct 2026, 11:57 PM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता से संवाद और स्थलीय सत्यापन के बाद ही गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील अलीगंज में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, दैनिक जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवस सहित किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक प्राप्त करें। आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें और निस्तारण के उपरांत कार्रवाई से संबंधित फोटोग्राफ भी अनिवार्य रूप से संलग्न करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। तहसील अलीगंज में कुल 84 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। एटा सदर में 27 शिकायतें आईं, जिनमें से 05 का निस्तारण हुआ, जबकि जलेसर में 22 शिकायतों में से 04 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया गया है।
📲Get App