🔥 TRENDING Mohammed Siraj left out of India’s XI,... CII Unveils 15 Financial Reforms to Pr... बारात से लौटने के क्रम में स्कॉर्पियो... Amritpal Singh’s Homecoming Turns into... India Must Scale Up Tech Investments a... India-Nepal Relations Remain Estranged...
22 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Sarkari Yojana

जालौन में पल्स पोलियो महाअभियान को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली, अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी

✍️ Reporter: Pankaj Gupta 🗓 22 Nov 2026, 07:15 AM 👁 25
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

22 नवंबर को 1,188 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

उरई। जनपद जालौन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत शनिवार को जनजागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। जिला पुरुष चिकित्सालय, उरई से निकाली गई इस रैली को सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत एवं मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने और अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने का संदेश दिया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों, आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली में शामिल लोगों ने "कोई बच्चा छूटे नहीं, सुरक्षा चक्र टूटे नहीं" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के अंतर्गत 22 नवंबर को पोलियो बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जनपद में कुल 1,188 पोलियो बूथ बनाए गए हैं तथा 590 टीमें गठित की गई हैं। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के कुल 2,16,833 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी समीर ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं। साथ ही अपने आसपास रहने वाले परिवारों को भी अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। हर बच्चा सुरक्षित, हर परिवार स्वस्थ—दो बूंद जिंदगी की, हर बच्चे की सुरक्षा की।
📲Get App