स्थानीय
जालौन में अभियोजन कार्यों और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की एसपी ने की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों पर होगी त्वरित कार्रवाई, लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण और प्रभावी पैरवी के एसपी ने दिए निर्देश
उरई (जालौन)। पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत की अध्यक्षता में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार में अभियोजन कार्यों एवं गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी (SDM), क्षेत्राधिकारी (CO) तथा अभियोजन विभाग से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कानून व्यवस्था और अभियोजन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत अब तक की गई कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन आपराधिक मामलों, विशेषकर गैंगस्टर एक्ट एवं महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे अपराधियों को न्यायालय से अधिकतम सजा दिलाई जा सके। उन्होंने न्यायालयों में लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही आईजीआरएस, जनसुनवाई, थाना समाधान दिवस एवं तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने अभियोजन विभाग, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। साथ ही न्यायालयों में गवाहों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने और साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के संबंध में उन्होंने चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाने पर विशेष जोर दिया। गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और न्यायालयों में प्रभावी पैरवी के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।