🔥 TRENDING सैफई मेडीकल यूनिवर्सिटी में किडनी क्लि... नालासोपारा येथील इंपिरियल हेरिटेज बिल्... गोल्फ सिटी में 10वीं मंजिल से कूदकर यु... Rahul Gandhi backs Delhi protest at Ja... भारी बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद,... सुमेरपुर में भैरू चौक पर 9 दिवसीय गरबा...
14 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

इंदौर: कलेक्टर ने सड़क निर्माण में तेजी, ब्लैक स्पॉट सुधार और पार्किंग व्यवस्था पर दिए निर्देश

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 14 Oct 2026, 01:02 PM 👁 10
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ओवरब्रिज, पुल और सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डायवर्सन, सर्विस रोड की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट सुधार और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इंदौर, 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में चल रहे सड़क, पुल और ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान डायवर्सन और सर्विस रोड की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।

बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर पहले सुधार कार्य किए जा चुके हैं, वहां दुर्घटनाओं की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर सहित अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। शहर में यातायात सुगम बनाने के लिए लेफ्ट टर्न चौड़े करने, जंक्शन इंप्रूवमेंट और रोड इंप्रूवमेंट के कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों के दौरान पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा उनके लिए सुरक्षित पैदल मार्ग और सड़क पार करने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर ने तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश दिए। ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए आईटीएमएस के सहयोग से गति जांचने वाले कैमरे लगाने की कार्रवाई की जा रही है। शहर में बेतरतीब पार्किंग से प्रभावित यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए 24 संभावित स्थानों पर पेड पार्किंग व्यवस्था के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, जिसमें से पांच स्थानों पर पायलट आधार पर निशुल्क पार्किंग का परीक्षण किया जाएगा।

बैठक में ई-रिक्शा के संचालन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई और प्रमुख मार्गों से उनके संचालन को व्यवस्थित करने की योजना बनाने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी विभागों और सड़क निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात की सुगमता और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी एवं प्रभावी मैदानी कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
📲Get App