🔥 TRENDING 🩺 राठ में श्रमिक सम्मान एवं स्वास्थ्य Delhi Metro Station Closed Amid BJP Pr... CISF Soldier Closes Delhi Metro Gate a... Rajasthan Sarpanch Candidate Promises... નવરાત્રિ પહેલા પાલોદ પોલીસ દ્વારા કાયદ... માંગરોળ નજીક બાઇકની ટાંકી તપાસતી વખતે...
09 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Jobs & Career

🔴 Breakingnews: इंदौर में 15 अक्टूबर को होगा विशाल युवा संगम रोजगार मेला, 250 से अधिक अवसर उपलब्ध

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 09 Oct 2026, 08:56 PM 👁 15
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय इंदौर द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 15 अक्टूबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 250 से अधिक रिक्त पदों पर प्रारंभिक चयन किया जाएगा।

इंदौर, 9 अक्टूबर 2026: शासन के निर्देशानुसार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय इंदौर द्वारा 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के पास, 10 पोलोग्राउंड, इंदौर में प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।

उप संचालक रोजगार श्री पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा 250 से अधिक रिक्त पदों पर प्रारंभिक चयन की प्रक्रिया की जाएगी। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

रोजगार मेले में लाइफ केयर लॉजिस्टिक, शेफाली बिजनेस सॉल्यूशन, मोज़िक वर्कस्किल साइटेड, अपाल्टो इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, फिनोदया कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कंपनियों द्वारा एचआर ऑफिस असिस्टेंट, कस्टमर सपोर्ट एसोसिएट, ट्रेनी एसोसिएट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट, काउंसलर एवं मोबिलाइजर, ट्रेनर, क्वालिटी एवं प्रोडक्शन इंजीनियर, वेल्डर, फिटर, वेयरहाउस एसोसिएट, फैक्टरी हेल्पर, प्रोडक्शन हेल्पर तथा रिलेशनशिप ऑफिसर (सेल्स) सहित विभिन्न पदों के लिए आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार आकर्षक वेतन पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

इस मेले में आठवीं पास से लेकर स्नातकोत्तर एवं तकनीकी योग्यता वाले युवा भाग ले सकते हैं। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा जिन्होंने आठवीं कक्षा, हाईस्कूल, उच्चतर माध्यमिक, स्नातक अथवा स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त की है, वे इसमें शामिल हो सकते हैं। आईटीआई एवं डिप्लोमा जैसी तकनीकी योग्यता रखने वाले आवेदक भी अपनी योग्यता के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। मेले में शामिल होने वाले आवेदकों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रतियां तथा आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां लाना अनिवार्य है।
📲Get App