🔥 TRENDING Himachal Court Fines Animal Husbandry... राजस्थान पत्रिका के सेल्स एग्जिक्यूटिव... Himachal Pradesh Grants 5% Dearness Al... GBU Students Tour Manufacturing Plant... Young Indian Boxers to Showcase Skills... फरबिसगंज में पहली बार विजयादशमी पर भव्...
23 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Sarkari Yojana

बिरसा विकासखंड की गिडोरी में बैगा जनजाति के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 23 Oct 2026, 07:37 PM 👁 7
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत गिडोरी में बैगा जनजाति के परिवारों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमाण पत्र, आधार और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत गिडोरी में बैगा जनजाति के परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजित किया गया। शिविर में प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनकर आवेदन प्राप्त किए। इस दौरान प्रमाण पत्र, पंजीयन, आधार कार्ड, राशन एवं पेंशन संबंधी सेवाओं के लिए विभागवार काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में सीईओ श्री नितिन भट्ट, तहसीलदार श्रीमती बबीता सूर्या, बीडीओ श्री बघेल, बीआरसी श्री डीलनसिंह परते, श्री नंदकिशोर टेकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में संबल योजना के अंतर्गत 22 पंजीयन किए गए तथा 3 लोगों के समग्र आईडी में नाम जोड़े गए। एम-राशन मित्र पोर्टल पर 19 हितग्राहियों के नाम दर्ज किए गए और पेंशन संबंधी एक आवेदन ऑनलाइन किया गया। जाति प्रमाण पत्र के लिए 37 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही गई। इसके साथ ही पूर्व में तैयार 266 जाति प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया। आधार सेवाओं के अंतर्गत मौके पर 10 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 8 पुराने आधार कार्ड का अपडेशन किया गया। जन्म प्रमाण पत्र के लिए 8 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, एक व्यक्ति की समग्र ई-केवाईसी तथा खाद्यान्न प्राप्त करने वाले 14 हितग्राहियों की ई-केवाईसी भी की गई।

शिविर में शासकीय सेवाओं के साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। इस विशेष शिविर का उद्देश्य बैगा जनजाति के परिवारों तक सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाना रहा। एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने और दस्तावेजी कार्यों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रयास किए गए।
📲Get App