🔥 TRENDING *"बीदर डिस्ट्रिक्ट पुलिस डिपार्टमेंट क... Bike hadsa *”बीदर ज़िला पुलिस डिपार्टमेंट की स्पे... રાજકોટમાં કોરટ ચૌક પાસે વેપારીની ગાડીમ... मोकामा में स्नातक चुनाव के दौरान दो पक... *”बीदर डिस्ट्रिक्ट पुलिस, बसवकल्याण नग...
23 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

भिवाड़ी में मोबाइल छीनकर फोन-पे से 36 हजार रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

✍️ Reporter: Shivam 🗓 23 Oct 2026, 10:38 AM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बाबा मोहनराम कॉलेज के सामने हुई वारदात, पीड़ित से ही खुलवाया मोबाइल का लॉक और पूछा यूपीआई पिन; छीना हुआ ओप्पो मोबाइल बरामद

*भिवाड़ी में मोबाइल छीनकर फोन-पे से 36 हजार रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार*

*बाबा मोहनराम कॉलेज के सामने हुई वारदात, पीड़ित से ही खुलवाया मोबाइल का लॉक और पूछा यूपीआई पिन; छीना हुआ ओप्पो मोबाइल बरामद*

भिवाड़ी। भिवाड़ी में कंपनी जा रहे एक कर्मचारी से मोबाइल छीनकर फोन-पे के माध्यम से 36 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ किड्डु और रमेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो ए9 मोबाइल भी बरामद कर लिया है। वारदात 19 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे बाबा मोहनराम कॉलेज के सामने हुई थी।

पुलिस के अनुसार, अरावली विहार निवासी प्रमोद कुमार रोजाना की तरह भारत क्राफ्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, चौपानकी स्थित कंपनी में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन व्यक्ति उनके पास पहुंचे और मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने पीड़ित से ही मोबाइल का लॉक खुलवाया और फोन-पे का पिन पूछकर उसके खाते से 36 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर दी। इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर भिवाड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर टीम के तकनीकी सहयोग और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर आकाश उर्फ किड्डु और रमेश को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

भिवाड़ी पुलिस के अनुसार, 18 से 20 अक्टूबर के बीच थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल छीनने की तीन वारदातों का खुलासा किया गया है। इन मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर छीने गए तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दो मामलों में आरोपियों को वारदात के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी कंपनियों, कॉलोनियों और बाजारों के आसपास रेकी करते थे तथा कंपनियों में कर्मचारियों के आने-जाने और छुट्टी के समय उन्हें निशाना बनाते थे। मोबाइल और चेन छीनने जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रमुख बाजारों, कॉलोनियों, चौराहों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने कहा कि राह चलते आमजन, विशेषकर मेहनतकश श्रमिकों के साथ स्नैचिंग की वारदात करने वाले अपराधियों की त्वरित धरपकड़ और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और मोबाइल बरामदगी में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल छिनने की घटना होने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या भिवाड़ी पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 01493-221100 अथवा 8764874393 पर सूचना दें। मोबाइल छिनने पर बैंक और यूपीआई सेवाओं को तत्काल बंद करवाएं तथा सिम कार्ड ब्लॉक कराएं। ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल चोरी या गुम होने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ संचार साथी पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक करवाएं।
📲Get App