🔥 TRENDING Assam Expands Cancer Care Infrastructu... Guwahati’s Traditional Durga Idol Make... ABVP Workers Detained in Ranchi After... RBI Governor Sanjay Malhotra Delivers... Supreme Court Takes Up Ajit Kumar vs S... Nobel Laureate Says AI Will Displace O...
07 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Business

भोपाल में आज से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 का सातवां संस्करण, ₹1,100 करोड़ के निवेश प्रस्तावों की उम्मीद

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 07 Oct 2026, 11:14 AM 👁 6
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मध्यप्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल में MPTM 2026 का आयोजन होगा, जिसमें 34 देशों के प्रतिनिधि और 15 राज्यों के टूर ऑपरेटर्स शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2026 का सातवां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को इसका शुभारंभ करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी करेंगे। इस वर्ष मार्ट में 34 देशों के 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और 15 राज्यों के 180 से अधिक घरेलू टूर ऑपरेटर्स सहित 600 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। आयोजन के दौरान 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित B2B बैठकें होंगी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, होटल समूह, एयरलाइंस तथा ट्रैवल एजेंसियां प्रदेश के 355 स्थानीय पर्यटन हितधारकों से सीधा संवाद करेंगी।

MPTM 2026 में प्रदेश में ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है। होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंटेड कैंपिंग और इको-टूरिज्म परियोजनाओं के लिए 14 प्रमुख परियोजनाओं को करीब ₹252 करोड़ के लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) दिए जाएंगे। आयोजन का प्रमुख आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में ₹848.40 करोड़ का मेगा पर्यटन निवेश समझौता होगा, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना से करीब 920 प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश में पर्यटकों के आगमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई और कुल 21.05 करोड़ पर्यटक प्रदेश पहुंचे। सरकार का लक्ष्य इस वृद्धि को निवेश, रोजगार और आधुनिक पर्यटन अधोसंरचना में बदलना है, साथ ही प्रदेश को वर्ष 2030 तक देश का प्रमुख साहसिक पर्यटन गंतव्य और ‘भारत की वन्यजीव राजधानी’ बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। मार्ट के दौरान पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास, ग्रामीण पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म पर्यटन और स्मार्ट टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए IITTM ग्वालियर, ग्राम स्टे, रॉयल एनफील्ड, ATOAI और NATRAX जैसी संस्थाओं के साथ 12 रणनीतिक MOU, MOA और समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।

स्मार्ट टूरिज्म के तहत प्रदेश के 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 1,000 AI-सक्षम QR कोड बोर्ड लगाए जाएंगे और ओरछा की धरोहर के संरक्षण के लिए भी कार्य किया जाएगा। वैश्विक पर्यटकों की सुविधा के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन की वेबसाइट का बहुभाषी संस्करण लॉन्च होगा, जिसमें हिंदी और अंग्रेजी के साथ जर्मन, स्पैनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं में जानकारी उपलब्ध होगी। डिजिटल ‘एमपी ट्रैवल हैंडबुक’ में 360 डिग्री दृश्य, इंटरैक्टिव मैप, AI आधारित स्टोरीटेलिंग और VR लिंक जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। आयोजन के बाद विदेशी और घरेलू प्रतिनिधियों के लिए 16 FAM Trips आयोजित किए जाएंगे, जिनमें खजुराहो, ओरछा, मांडू, महेश्वर, कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, कूनो, उज्जैन, ओंकारेश्वर, चित्रकूट और पचमढ़ी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
📲Get App