🔥 TRENDING चिचपल्लीतील एचपी‑3 श्री महादेव पेट्रोल... QR-coded audio guides to enrich visito... Maharashtra Talathi Recruitment 2026:... હિંમતનગર તાલુકાના ધુળેટા ગામમાં નવીન પ... Samajwadi Party pledges stipend for un... Chennai Surgeon Conducts Robotic Teles...
27 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

भानुप्रतापपुर में एसएसआर पुनरीक्षण के लिए अब तक 2484 आवेदन प्राप्त, राजनीतिक दलों की बैठक में दी गई जानकारी

✍️ Reporter: Laxman singh दर्रो 🗓 26 Nov 2026, 07:56 PM 👁 35
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

कान्केर जिले के भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत अब तक कुल 2484 आवेदन प्राप्त हुए हैं। एसडीएम अनिकेत अशोक फटतरे ने राजनीतिक दलों की बैठक में यह जानकारी देते हुए 18 वर्ष के पात्र युवाओं के नाम जोड़ने और सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए बीएलए के माध्यम से जांच की अपील की।

भानुप्रतापपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को लेकर अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनिकेत अशोक फटतरे की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की द्वितीय साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कान्केर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान अब तक प्राप्त दावा-आपत्तियों एवं आवेदनों की विस्तृत जानकारी दी गई।

एसडीएम फटतरे ने बैठक में बताया कि 12 नवंबर से अब तक विधानसभा क्षेत्र भानुप्रतापपुर में नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-6 के तहत 825, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 के तहत 368 तथा संशोधन, स्थानांतरण एवं डुप्लीकेट ईपीआईसी कार्ड के लिए प्रारूप-8 के तहत 1291 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 2484 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दावा-आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि आगामी 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का अवलोकन कराने की अपील की गई। सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल बीएलओ या ईआरओ कार्यालय को सूचना देने का निर्देश दिया गया।

एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। नाम, उपनाम और जन्मतिथि में त्रुटियों का सुधार किया जा रहा है। वहीं, पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा विवाह के बाद क्षेत्र में आए मतदाताओं के नाम स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी जारी है। बैठक में तहसीलदार एवं एईआरओ कुलदीप ठाकुर, निर्वाचन प्रभारी अशोक ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष डिगेश खापर्डे, कांग्रेस से मुकेश चंद्राकर, पार्षद तुषार ठाकुर, शिवसेना यूबीटी के चंद्रमौली मिश्रा सहित नरोत्तम चौहान, रामबाई गोटा, राजीव श्रीवास, डिगेश साहू, गिरधारी नरेटी, लक्ष्मण कुलदीप, रवि दुग्गा, रवि साहू एवं कौशल रामटेके सहित अन्य उपस्थित रहे।
📲Get App