🔥 TRENDING Telangana Expands Instant Pension Sche... Cyclone Murasu Triggers Red Alert, Hea... India Removes Petrol Export Duty, Incr... Opposition Plans Large Rally at Delhi'... Hyundai Unveils Bayon SUV in India: Pr... Samastipur: 38-Year-Old Ajit Sahni Kil...
31 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

अररिया में जनगणना-2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

✍️ Reporter: Kanhaiya Kumar Jha 🗓 31 Oct 2026, 05:52 PM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन हेतु अररिया में जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता और त्रुटिरहित रूप से संपादित किया जाए।

अररिया, 31 अक्टूबर 2026। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या जनगणना) के सफल, सुचारू एवं त्रुटिरहित संचालन के उद्देश्य से जिला/चार्ज अधिकारियों तथा अन्य संबंधित शासकीय सेवकों का जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी, अररिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रथम बैच का प्रशिक्षण 31 अक्टूबर से 01 नवंबर, 2026 तक तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 02 नवंबर से 03 नवंबर, 2026 तक निर्धारित है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि जनसंख्या जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा नीतिगत निर्णयों में किया जाता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण में बताई जा रही प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों को गंभीरतापूर्वक समझें, ताकि क्षेत्र स्तर पर जनगणना कार्य का निष्पादन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा सके। साथ ही, उन्होंने स्व-गणना के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार से आए मास्टर प्रशिक्षक श्री नीरज कुमार सिंह एवं श्री रंजय कुमार सिन्हा ने जनसंख्या जनगणना की प्रक्रिया, विभिन्न चरणों एवं कार्यान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्लाइड प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। मास्टर प्रशिक्षकों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना संघ सूची का विषय है तथा जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निर्धारित प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, अररिया; अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं फारबिसगंज; जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अररिया; सभी चार्ज अधिकारी, अपर चार्ज अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
📲Get App