Jobs & Career
आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण को मिली नई दिशा, UPCOS का शुभारंभ
राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के ऑडिटोरियम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों व आउटसोर्स कर्मियों ने देखा मुख्यमंत्री का सजीव कार्यक्रम
उरई। उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल रूप से एकीकृत और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान UPCOS के पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग की गई। साथ ही निगम के लोगो का अनावरण तथा आउटसोर्स कर्मियों को चेक का वितरण किया गया। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में किया गया। यहां जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी उपस्थित रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा व सुना। UPCOS के माध्यम से प्रदेश में आउटसोर्स कर्मियों से संबंधित मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की गई है। इससे आउटसोर्स कर्मियों के प्रबंधन में पारदर्शिता, बेहतर निगरानी और व्यवस्थाओं के अधिक प्रभावी संचालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने UPCOS के शुभारंभ को प्रदेश में आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।