🔥 TRENDING IMD Study Shows Interior Maharashtra S... Mona Agarwal Wins First Indian Gold in... India Surpasses 100 Medals at Asian Pa... Sri Lanka Stuns Pakistan, Chases 430 i... India Women Beat Zimbabwe 9 Wickets to... Virat Kohli Ignores Calls After Vowing...
24 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Defence

70 फीट गहरे कुएं में गिरा तेंदुए का शावक, वन विभाग ने दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

✍️ Reporter: Pankaj Gupta 🗓 24 Oct 2026, 05:24 AM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

सुबह कुएं से सुनाई दी दहाड़, किसानों की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम; स्वस्थ मिलने पर जंगल में छोड़ा जाएगा तेंदुए का शावक।

जगम्मनपुर (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भिटौरा-जगम्मनपुर में जंगल से सटे एक खेत में बने करीब 70 फीट गहरे कुएं में तेंदुए का शावक गिर गया। शुक्रवार सुबह कुएं के अंदर से दहाड़ने की आवाज सुनकर किसानों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया। सुबह नौ बजे कुएं से सुनाई दी दहाड़ जानकारी के अनुसार, ग्राम भिटौरा निवासी वीर सिंह यादव के खेत में ट्यूबवेल के लिए कुआं बना हुआ है। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात जंगल में विचरण करते समय तेंदुए का शावक अचानक कुएं में गिर गया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे किसानों को कुएं के भीतर से दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो तेंदुए का बच्चा उसमें फंसा हुआ था। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग को घटना से अवगत कराया।
वन विभाग की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान सूचना मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी उरई प्रदीप के निर्देशन में वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम में उप प्रभागीय वनाधिकारी कोंच सुबोध कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी माधौगढ़ रंजीत सिंह, वन दरोगा राजनारायण सिंह और ज्ञान सिंह, वन रक्षक शिवम वैद सहित सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12 बजे तेंदुए के शावक को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ने की तैयारी रेस्क्यू के बाद तेंदुए के शावक को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया। वन क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ रंजीत सिंह ने बताया कि शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण में उसकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वस्थ पाए जाने पर उसे जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तेंदुए के शावक के कुएं में गिरने और वन विभाग द्वारा किए गए सफल रेस्क्यू अभियान की चर्चा होती रही।
📲Get App