🔥 TRENDING Delhi Police Issue New Guidelines for... Dead fish discovered in Yamuna, Delhi... Fire erupts on advertising board at Vi... बीदर में पंच गारंटी एवं भारत जोड़ो जनजा... एतावन ग्राम पंचायत में बालू लेन‑देन पर... सीहोर के खाईखेड़ा में मिली सुरेश दांगी...
14 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

15वीं पीढ़ी के कलाकार करण सिंह वियतनाम में दिखाएंगे रामगढ़ की कागजी पॉटरी का हुनर, वैश्विक मंच पर चमकेगी राजस्थान की कला

✍️ Reporter: Rohitash Kumar 🗓 14 Nov 2026, 08:44 PM 👁 16
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
15वीं पीढ़ी के कलाकार करण सिंह वियतनाम में दिखाएंगे रामगढ़ की कागजी पॉटरी का हुनर, वैश्विक मंच पर चमकेगी राजस्थान की कला
12 से 17 नवंबर तक ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल में कर रहे प्रतिनिधित्व, परिवार की 15 पीढ़ियों से जीवित है अनूठी हस्तशिल्प परंपरा; भाइयों को भी मिल चुका राष्ट्रपति सम्मान
रामगढ़। राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ की सदियों पुरानी कागजी पॉटरी कला अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। रामगढ़ के 15वीं पीढ़ी के पारंपरिक कलाकार करण सिंह वियतनाम में 12 से 17 नवंबर तक आयोजित हो रहे ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल-2026 में भारत की इस अनूठी हस्तशिल्प कला का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से रामगढ़ सहित पूरे राजस्थान का गौरव बढ़ा है।
करण सिंह अपने परिवार की करीब 15 पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक शिल्पकला को आगे बढ़ा रहे हैं। खास बात यह है कि रामगढ़ की कागजी पॉटरी कला को जीवित रखने वाला उनका परिवार वर्तमान में एकमात्र परिवार बताया जा रहा है। ऐसे दौर में जब पारंपरिक हस्तकलाएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं, करण सिंह और उनका परिवार इस विरासत को सहेजने में जुटा है।
रामगढ़ की कागजी पॉटरी अपनी अनूठी निर्माण प्रक्रिया, बारीक कारीगरी और पारंपरिक तकनीक के लिए विशेष पहचान रखती है। इस कला में पीढ़ियों से संचित अनुभव और कलाकारों की रचनात्मकता देखने को मिलती है। वियतनाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में विभिन्न देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक विरासत और हस्तशिल्प का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में करण सिंह के माध्यम से रामगढ़ की इस पारंपरिक कला को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
करण सिंह का कहना है कि यह उनके लिए केवल कला प्रदर्शन का अवसर नहीं, बल्कि 15 पीढ़ियों की पारिवारिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का गौरवपूर्ण क्षण है। इससे रामगढ़ की कला को वैश्विक बाजार में नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है।
परिवार के दो भाइयों को भी मिल चुका है राष्ट्रपति सम्मान
करण सिंह के परिवार में कला के प्रति समर्पण की परंपरा रही है। उनके भाई अनिल कुमार गालव को पारंपरिक मिट्टी और टेराकोटा से कलाकृतियां बनाने के क्षेत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वहीं उनके बड़े भाई ओमप्रकाश गालव को वर्ष 2010 का पुरस्कार वर्ष 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रदान किया था। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के कलाकारों की उपलब्धियां रामगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और कला साधना की मिसाल हैं।
📲Get App